ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर भिड़े दो पक्ष, चार का शांति भंग में चालान; गांव में पुलिस तैनात
बरखेड़ा। क्षेत्र के गांव ज्योरहा कल्यानपुर में ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर मंगलवार सुबह दो पक्षों के बीच तीखा विवाद हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ज्योरहा कल्यानपुर गांव में स्थित ग्राम समाज की जमीन पर मंगलवार सुबह एक पक्ष के लोगों ने चबूतरे का निर्माण कर मूर्तियां स्थापित करना शुरू कर दिया। यह देखकर दूसरे पक्ष के लोगों ने जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया और काम रुकवा दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और तीखी बहस में बदल गई।
तुलसा देवी निवासी ज्योरहा कल्यानपुर ने बताया कि वर्ष 2011 में गांव के ही फौजी लालाराम ने मंदिर की नींव भरवाई थी, लेकिन उस समय दरवाजा नहीं लगाया गया था। बाद में मंदिर की नींव भरने के बाद ग्राम समाज की जमीन की तरफ निकास के लिए दरवाजा लगा दिया गया। लगभग एक महीने पूर्व जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने इस जमीन का सीमांकन कर इसे ग्राम समाज की संपत्ति के रूप में चिह्नित किया था। इसके बावजूद मंगलवार को मूर्तियां रखने के प्रयास के बाद विवाद भड़क गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और प्रथम पक्ष के दुर्गविजय व संदीप तथा दूसरे पक्ष के लालाराम व जसवंत शर्मा को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर सभी का शांति भंग के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों के दो-दो लोगों के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर लगातार सतर्क नजर रखी जा रही है और पुलिस बल तैनात है।
