Latest Posts
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत 

पीलीभीत: भरत मिलाप का मार्मिक मंचन, नगर में धूमधाम से निकली श्रीराम राजगद्दी शोभायात्रा

पीलीभीत/बीसलपुर। रामलीला महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार 22 अक्टूबर को विभीषण राज्याभिषेक और भावपूर्ण भरत मिलाप लीला का सजीव मंचन किया गया। इसके पश्चात रामा कॉलेज के सामने स्थित गोपाल बाबू की बगिया से भव्य श्रीराम राजगद्दी शोभायात्रा निकाली गई, जिसका नगर में जगह-जगह पुष्प वर्षा व आरती कर भव्य स्वागत किया गया।

रामलीला मैदान में मंचन के दौरान दिखाया गया कि प्रभु राम ने लंका विजय के बाद विभीषण का राज्याभिषेक किया। इसके उपरांत उन्होंने हनुमान जी को अविलंब अयोध्या जाकर भरत को अपने आगमन की सूचना देने भेजा, ताकि उनके न पहुंचने पर भरत अग्नि समाधि न ले लें। नंदीग्राम पहुंचकर हनुमान जी ने भरत को यह शुभ समाचार दिया। कुछ ही देर में प्रभु राम, माता सीता, लक्ष्मण, विभीषण, सुग्रीव, अंगद व जामवंत के साथ पुष्पक विमान से पहुंचे और भरत को गले लगा लिया। गोपाल बाबू की बगिया में हुए इस भरत मिलाप के दृश्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

भरत मिलाप संपन्न होने के पश्चात यहीं से भव्य श्रीराम राजगद्दी शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा नई बस्ती चौराहा, काला मंदिर, लेखराज चौराहा, जाटों का चौराहा से वापस घूमकर बजरिया, होली चौराहा, लोहा बाजार, बरेली दरवाजा, बड़ा गुरुद्वारा, जेपी रोड, चौक बाजार, इमली चौराहा, साहूकारा, जमनी चौराहा, चूड़ी वाली गली, मुख्य बाजार और ड्रमंडगंज चौराहा होते हुए परमठ मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। एक दिव्य सिंहासन पर प्रभु राम, सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, हनुमान, विभीषण, सुग्रीव, अंगद और जामवंत के स्वरूप शोभायमान थे। पूरे मार्ग में भक्तों ने पुष्प वर्षा कर भोग आरती की और प्रसाद वितरित किया।

आयोजन में महंत ओमकार नाथ, सुनील मिश्रा, अमरीश शर्मा , राकेश लोधी, नरेश शुक्ला, प्रेम सिंह, अमिताभ त्रिपाठी, शेर सिंह लोधी, संजीव मिश्रा, सुधीर पाल सिंह, धीरेंद्र मिश्रा, विकास पाल सिंह, अंकुर गुप्ता, संजीव शर्मा, आयुष सक्सेना, रमाकांत पांडेय, सुरेंद्र शर्मा, प्रतीक अग्रवाल , अश्वनी उपाध्याय, संजीव चौहान, अवनीश शर्मा, महेंद्र गुप्ता, संजीव मोहन अग्रवाल, वरुण शुक्ला, अरुण सक्सेना, अमित अग्रवाल, निरंजन शर्मा सहित भारी संख्या में समिति के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु गण उपस्थित रहे।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!