Latest Posts
उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य 

संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव

बरखेड़ा। क्षेत्र के ग्राम अलकथान में गुरुवार को एक 32 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर खेत में पेड़ से लटकता हुआ मिला। परिजनों ने घर में किसी भी प्रकार के विवाद या क्लेश से इंकार किया है, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, अलकथान निवासी अजयपाल 32 वर्ष पुत्र ठाकुरदास गुरुवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों से धान काटने की बात कहकर घर से निकला था। दोपहर लगभग 2 बजे ग्रामीणों ने गांव से पूर्व दिशा में करीब 300 मीटर की दूरी पर एक खेत में पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे उसका शव लटकता हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी शिनाख्त कर मृतक के परिजनों को सूचना दी।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंची मृतक की मां शकुन्तला देवी और बहन सुशीला देवी दहाड़ें मारकर विलाप करने लगीं। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि घर में किसी बात को लेकर कोई विवाद या परेशानी नहीं थी। उनका सवाल है कि जब सब कुछ सामान्य था, तो अजयपाल आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!