बरेली में पुलिस मुठभेड़, हत्या के आरोपी समेत चार गिरफ्तार
- दशहरा मेले से लौट रहे युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला, तमंचा और कारतूस बरामद

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में संजय सक्सेना हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी राजेश गुर्जर को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। वहीं, मामले में वांछित तीन अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 22 अक्टूबर की रात दशहरा मेला देखकर अपने दोस्त मोनू सैनी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे संजय सक्सेना पर शांति विहार होली चौक के पास लाठी-डंडों से हमला किया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल संजय को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
मामले में सुभाषनगर थाने में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को रामगंगा नदी किनारे मंदिर के पीछे संदिग्ध अवस्था में खड़े राजेश गुर्जर को पकड़ने का प्रयास किया गया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया।
इसके अलावा पुलिस ने कृष्णा गोस्वामी, राहुल तेली और धीरज गुर्जर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते संजय पर हमला किया गया था। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी की बात पुलिस ने कही है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई को सुभाषनगर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
