Latest Posts
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

करवा चौथ पर्व की खुशियां मातम में बदलीं

​

बरखेड़ा । क्षेत्र के गांव पुरनापुर में करवा चौथ के पावन पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक महिला का सुहाग उसी के व्रत वाले दिन छिन गया। पत्नी की लंबी उम्र की कामना के बीच पति की छत से गिरकर अकाल मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
​ मृतक के पुत्र राहुल गंगवार  के अनुसार, गांव पुरनापुर निवासी वीरपाल 45 वर्ष, पुत्र भीमसेन, उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित एक निजी कंपनी में मजदूरी करते थे। वह 28 अक्टूबर को ही करवा चौथ का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने के लिए गांव आए थे। 29 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे वीरपाल अपनी पत्नी कुंता देवी का व्रत जल्द खुलवाने के लिए छत पर चांद देखने गए थे।
​चांद देखने के प्रयास में वह छत के बिल्कुल किनारे पहुंच गए, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह 15 फीट ऊंची छत से नीचे मकान के पीछे जा गिरे। तेज आवाज सुनकर उनका पुत्र राहुल और परिवार के अन्य सदस्य दौड़कर मौके पर पहुंचे। तब तक वीरपाल अचेत हो चुके थे।
​परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल बरखेड़ा ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
​​मृतक अपने पीछे पत्नी कुंता देवी, एक पुत्र राहुल और एक पुत्री कामनी को छोड़ गए हैं। बीते 26 वर्षों से एक-दूसरे के हमसफर रहे वीरपाल की इस तरह अचानक हुई मौत से कुंता देवी गहरे सदमे में हैं और अर्धविक्षिप्त जैसी स्थिति में पहुंच गई हैं। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!