टीन शेड गिरने से तीन लोग घायल, 8 वर्षीय बालिका जिला अस्पताल रैफर

बरखेड़ा । क्षेत्र के गांव अमखेड़ा लखनऊ में गुरुवार शाम 6 बजे को एक दर्दनाक हादसे में टीन शेड भरभरा कर गिर गया। इस हादसे के मलबे में दबकर चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक 8 वर्षीय बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है।
ग्रामीणों और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बाबूराम भोजवाल की पत्नी फूलमती घर के बाहर बने टीन शेड के नीचे बैठी थीं। इसी दौरान उनके यहां भाईदूज मनाने आई गेंदादेवी, अपनी भतीजी 8 वर्षीय चित्रा पुत्री सूरजपाल के साथ वहीं बैठकर बातचीत कर रही थीं।
अचानक तेज आवाज के साथ टीन शेड भरभरा कर नीचे आ गिरा। इस हादसे की चपेट में आने से , फूलमती, गेंदादेवी और चित्रा मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
टीन शेड गिरने और उसके नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए आपसी मदद से राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे सभी घायलों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 सेवा और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई। एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा पहुंचाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के दौरान 8 वर्षीय चित्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रैफर कर दिया है। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।
