बच्चों के विवाद में महिला से मारपीट व धमकी, रिपोर्ट दर्ज
बरखेड़ा । थाना बरखेड़ा क्षेत्र के ग्राम शहपुरा में बच्चों के विवाद को लेकर हुई कहासुनी के बाद महिला के साथ गाली-गलौज व लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शहपुरा निवासी धर्मेंद्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे बच्चों के बीच कहासुनी को लेकर उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी से बातचीत हुई थी। इसी बात को लेकर गांव के ही उमाचरन पुत्र गंगाराम और देवदत्त पुत्र उमाचरण ने उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की तथा लाठी-डंडों से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना बरखेड़ा पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।