युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का वांछित आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
बरखेड़ा। थाना पुलिस ने युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को बुधवार सुबह करीब 10 बजे क्षेत्र के गांव अलकथान मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को क्षेत्र के गांव सिसईया के समीप रेलवे लाइन के किनारे स्थित खेत से गांव अलकथान निवासी कुछ महिलाएं और पुरुष मिट्टी निकाल रहे थे। खेत स्वामी अंकित वर्मा ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने एकजुट होकर उसके साथ मारपीट की थी। इस घटना से आहत होकर अंकित की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी।
मामले में मृतक के बड़े भाई सुनील वर्मा की तहरीर पर बरखेड़ा पुलिस ने गांव अलकथान निवासी दुर्गा देवी, अरुण कुमार, अतुल और पवन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस तभी से आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में बुधवार सुबह पुलिस ने अलकथान मोड़ के पास से मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।