Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश राज्य राष्ट्रीय लखनऊ 

लखनऊ: विकासनगर में भीषण अग्निकांड, 200 से अधिक झोपड़ियां खाक; धमाकों से दहला इलाका

रिपोर्ट:अखिलेश मिश्रा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी के विकासनगर सेक्टर-14 में बुधवार दोपहर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक भीषण आग ने करीब 200 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं के काले गुबार और आग की ऊंची लपटों से घिर गया।

सिलिंडर धमाकों से बढ़ी दहशत

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि झोपड़ियों में रखे घरेलू गैस सिलिंडर और रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर एक के बाद एक धमाकों के साथ फटने लगे। इन धमाकों की गूंज से आसपास के रिहायशी इलाकों में भी दहशत फैल गई। अपनी जीवन भर की जमा पूंजी को जलते देख पीड़ित बेबस होकर रोते-बिलखते नजर आए। कई लोग अपनी जलती हुई झोपड़ियों के भीतर अपनों और सामान को बचाने के लिए भागने की कोशिश करते दिखे, जिन्हें सुरक्षाकर्मियों ने बमुश्किल रोका।

राहत और बचाव कार्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 18 गाड़ियों को तत्काल मौके पर भेजा गया। घंटों की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिशें तेज कीं। मौके पर मचे अफरा-तफरी के माहौल के बीच प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी कर बचाव अभियान चलाया।

डिप्टी सीएम ने लिया जायजा

हादसे की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक खुद स्थिति का जायजा लेने विकासनगर पहुंचे। उनके साथ जिलाधिकारी (DM), पुलिस कमिश्नर और नगर आयुक्त सहित SDRF व NDRF की टीमें भी मौजूद रहीं।

प्रशासन को दिए गए मुख्य निर्देश

प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल भोजन और सुरक्षित आवास (रैन बसेरों) की व्यवस्था करना। घायलों के समुचित उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश। अग्निकांड में हुए माल-मॉल के नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करना।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन इस हादसे ने सैकड़ों परिवारों को खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर कर दिया है। प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रहा है।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!