Latest Posts
   
home बदायूँ बरेली राज्य राष्ट्रीय 

जन आक्रोश:’नारी शक्ति’ से छल पर उबली भाजपा,विपक्ष के विरोध के खिलाफ शंखनाद

अवनीश श्रीवास्तव@express views

पीलीभीत। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम (महिला आरक्षण बिल) को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के रवैये का विरोध दर्ज कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने गांधी प्रेक्षा गृह में ‘जन आक्रोश सम्मेलन’ का आयोजन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के हित में सदन में बिल लेकर आए, लेकिन विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने मातृशक्ति से अपने अधिकारों की लड़ाई स्वयं लड़ने का आह्वान किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज सरकार ने महिलाओं को रोजगार देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया है। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी भी दी। वहीं, जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने महिलाओं को प्रणाम करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा मातृशक्ति को आगे बढ़ाने का कार्य किया है, जबकि विपक्ष ने सदैव महिलाओं का अपमान ही किया है।

पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से वे देश के विकास में और तीव्र गति से सहभागी बनतीं, लेकिन विपक्ष ने महिलाओं के साथ छल किया। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता’ श्लोक का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ भाजपा नारियों के पूजन की बात करती है, तो दूसरी तरफ विपक्ष उन्हें उनके अधिकारों से वंचित करने के लिए साजिश रचता है।

पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि महिलाओं के साथ विपक्ष द्वारा किए गए इस धोखे को वे कदापि नहीं भूलेंगी। विपक्ष को सबक सिखाने के लिए अब देश के पुरुष भी महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। पीलीभीत नगर पालिका परिषद की चेयरमैन आस्था अग्रवाल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संसद में विपक्ष ने महिलाओं के अधिकारों को छीनने का प्रयास किया है। भारत की महिलाएं इस हरकत को कभी नहीं भूलेंगी और आगामी चुनावों में वोट की चोट से इसका करारा जवाब देंगी।

इस अवसर पर पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गीता मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा, जिला उपाध्यक्ष रेखा सिंह परिहार, लेखराज भारती, अतेंद्र पाल सिंह, विकास श्रीवास्तव, जिला महामंत्री मंगली प्रसाद वर्मा, अनुराग अग्निहोत्री, जिला मंत्री ऋचा पटेल, पंकज तिवारी, विकास वाल्मीकि, रेनू राज, सृष्टि गुप्ता, पुष्पा शुक्ला, शशि बाला कटियार, हर्षित चौधरी, दीपक सोनकर, इंद्रेश चौहान, अभिषेक सिंह पटेल, अभिमन्यु गंगवार और दीपक सूर्यवंशी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व महिलाएं मौजूद रहीं।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!