लापरवाही: मोबाइल पर बात कर रहा था चालक,खंभे से टकराई लिटिल स्टार स्कूल की वैन, 26 बच्चे बाल-बाल बचे
- तेज रफ्तार वैन से टूटा बिजली का खंभा, बाल-बाल बचे मासूम
- वैन छोड़कर भागा चालक, स्कूल प्रबंधन कर रहा मामले की लीपापोती
- क्षमता से अधिक भरे गए थे दो दर्जन से ज्यादा बच्चे
रिपोर्ट:विमलेश कुमार
बरखेड़ा।क्षेत्र के लखनऊ कलां गांव के समीप लिटिल स्टार अकादमी (बरखेड़ा) की एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के वक्त वैन में 26 मासूम बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि खंभा टूटकर गिरने के बावजूद करंट फैलने जैसी कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई और बच्चों की जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और मोबाइल पर बात करने में मशगूल था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि स्कूल प्रबंधन मामले को दबाने में जुटा है।
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन की रफ्तार काफी तेज थी। चालक एक हाथ से स्टीयरिंग संभाले हुए था और फोन पर बात कर रहा था। इसी घोर लापरवाही के चलते गाड़ी से नियंत्रण छूट गया और वैन सीधे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि खंभा टूटकर नीचे आ गिरा। ग्रामीणों का आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर वैन में दो दर्जन से अधिक (करीब 26) बच्चे ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की भनक लगते ही स्कूल का स्टाफ दूसरी वैन लेकर मौके पर पहुंच गया। उन्होंने आनन-फानन में घायल और दहशत में आए बच्चों को दूसरी वैन में बैठाया और वहां से ले गए। इस गंभीर लापरवाही को लेकर जब स्कूल प्रबंधन से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कुछ भी बताने से साफ इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह वैन प्रतिदिन क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों से बच्चों को लाती-ले जाती है। इसमें मुख्य रूप से खजुरिया, पचपेड़ा, दोलापुर, मोहम्मद गंज रम्पुरा और लखनऊ कलां के बच्चे सवार थे।
वैन में ये बच्चे थे सवार
हादसे का शिकार हुई वैन में मोहम्मदगंज रम्पुरा के प्रज्ञानंद (कक्षा 6), खुशबू (नर्सरी), हिमांशु; लखनऊ कलां के अनुज मौर्य (नर्सरी), धनंजय वर्मा (कक्षा 2), शौरभ (नर्सरी) समेत रिमझिम (नर्सरी), ऋषव वर्मा (नर्सरी), सरिता (नर्सरी), सोनम, पवित्रा, प्रांजल वर्मा और महक वर्मा सहित कई अन्य बच्चे सवार थे।परिजनों में इस बात को लेकर भारी रोष है।
