Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

पीलीभीत को 569 करोड़ की सौगात: CM योगी ने 55 साल से विस्थापित बंगाली परिवारों को सौंपी नागरिकता और जमीन

विमलेश कुमार@express views

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर में जनपद को 569 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकास और विरासत के ‘डबल डोज’ का जिक्र करते हुए पिछले 55-56 वर्षों से विस्थापित बंगाली हिंदू, सिख, जैन और बौद्ध परिवारों को जमीन के पट्टे और भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “जो परिवार बांग्लादेश से प्रताड़ना सहकर आए थे, उन्होंने दशकों तक प्रशासनिक और वन विभाग की परेशानियां झेलीं। आज प्रधानमंत्री मोदी के विजन के तहत उन्हें स्थायी सम्मान और पुनर्वास का अधिकार मिल रहा है। अब दुनिया की कोई ताकत इन्हें यहाँ से हटा नहीं सकती।”

लाभार्थियों को बांटे चेक और चाबियाँ

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे लाभान्वित किया।शहीद होमगार्ड परिवार की मृतक आश्रित पुष्पा देवी को 38लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।

महिला सशक्तिकरण और रोजगार के अंतर्गत सोनी देवी को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 24लाख रुपये और कमलेश गंगवार को नंदनी कृषक समृद्धि योजना के तहत 31.25 लाख रुपये का चेक दिया गया। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को 10करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये का रिवोल्विंग फंड व CIF चेक प्रदान किया गया।

अंशिका देवी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मीनू को कन्या सुमंगला योजना का लाभ मिला। वहीं, प्रीति देवी को प्रधानमंत्री आवास और अरविंद को मुख्यमंत्री आवास योजना की चाबियाँ सौंपी गईं।

“माफिया मांग रहे जान की भीख, यूपी में बन रही ब्रह्मोस”:CM

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों पर बोलते हुए भू-माफियाओं को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद भू-माफियाओं को साफ चेतावनी दी गई थी, जिसका नतीजा है कि आज माफिया कानून के सामने हाथ जोड़कर खड़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है,यहाँ डिफेंस कॉरिडोर में ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ बन रही है और गंगा एक्सप्रेसवे व इकोनॉमिक कॉरिडोर जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स विकास को रफ्तार दे रहे हैं। पीलीभीत से शामली और गोरखपुर तक बनने वाला इकोनॉमिक कॉरिडोर क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए द्वार खोलेगा।

गरिमामयी रही जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख, जिला पंचायत अध्यक्ष दलजीत कौर, विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, विवेक वर्मा, बाबूराम पासवान, MLC सुधीर गुप्ता सहित जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव व अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि जनहित के हर प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी जाएगी।

Related posts

Leave a Comment

error: Content is protected !!