बरखेड़ा: खेत पर सिंचाई कर रहे युवक और उसकी मां पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, दबंगों ने दी जान से मारने की धमकी
बरखेड़ा। क्षेत्र के ग्राम पंडरी खमरिया में खेत पर सिंचाई कर रहे एक युवक और उसकी मां पर कुछ दबंगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंडरी खमरिया निवासी मोहम्मद साहिल पुत्र आजाद शाह आज दोपहर करीब 1 बजे अपनी मां हसीना बेगम और मजदूर दिलशाद के साथ नहर के पास अपने खेत पर सिंचाई कर रहा था। तभी सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात लड़के ने बिना किसी कारण के साहिल पर पत्थर फेंक कर मारा, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। साहिल की मां ने जब उस लड़के को टोका, तो उसने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया।
थोड़ी ही देर में खजुरिया पचपेड़ा निवासी सुनील चौहान, अनिकेत और 7-8 अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंच गए। आते ही आरोपियों ने पीड़ितों को घेर लिया और गालियां देते हुए उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में मोहम्मद साहिल और उनकी मां हसीना बेगम को काफी चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी पहले से ही आपराधिक किस्म के लोग हैं और उन पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पीड़ित मोहम्मद साहिल ने थाना बरखेड़ा पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।