खबर प्रकाशित होने के बाद तिरंगा लाइटों को ढकने वाले चुनावी फ्लेक्स नगर पंचायत ने हटवाए
बरखेड़ा (पीलीभीत)। कस्बे में तिरंगा लाइटों को ढककर लगाए गए चुनावी प्रचार फ्लेक्स का मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आ गया है। मीडिया में खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद मंगलवार (25 अगस्त) को नगर पंचायत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों को भेजकर लाइटों पर लगे सभी प्रचार फ्लेक्स हटवा दिए।
मामला कस्बे के मुख्य मार्ग का है, जहां स्ट्रीट लाइटों पर तिरंगा लाइटें लगाई गई हैं। कस्बे के निवासी प्रमोद भोजवाल ने 24 अगस्त को इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि एक भावी चेयरमैन पद के प्रत्याशी द्वारा अपनी प्रचार सामग्री सीधे तिरंगा लाइटों के ऊपर लगा दी गई है, जिससे तिरंगा लाइटें पूरी तरह ढक गईं। इसे राष्ट्रीय प्रतीक के प्रति असंवेदनशीलता और जनभावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए नगर पंचायत प्रशासन से इसे तत्काल हटाने की मांग की गई थी।
इस पूरे मामले को मीडिया द्वारा प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। 25 अगस्त को नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और कर्मचारियों के माध्यम से तिरंगा लाइटों पर अवैध रूप से लगाए गए सभी चुनावी पोस्टरों व फ्लेक्स को उतरवाकर मार्ग को सुव्यवस्थित कराया गया।
