Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश पीलीभीत राज्य राष्ट्रीय 

दिव्यांगजन को मिले सहायक उपकरण, महिला महाविद्यालय खोलने की घोषणा


बरखेड़ा। विकास खंड बरखेड़ा के ब्लॉक परिसर में मंगलवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला इकाई पीलीभीत के संयुक्त तत्वावधान में सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एडिप योजना के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को लगभग 41 लाख रुपये की लागत के सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।
शिविर में 450 चयनित लाभार्थियों को कुल 850 सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जबकि पूरे विकास खंड बरखेड़ा में 2,593 सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, वॉकर, कमोड व्हीलचेयर, स्टूल कमोड, नी-ब्रेस, एलएस बेल्ट, सर्वाइकल कॉलर, सिलिकॉन फोम तकिया तथा अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं महामंडलेश्वर स्वामी प्रवक्तानंद ने लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने बरखेड़ा क्षेत्र में महिला महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष हरद्वारी लाल, जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी सुरेशपाल मौर्य, खंड विकास अधिकारी लियाकत अली, एडीओ पंचायत नजरुल हसन, प्रबंधक सुखवीर सिंह भदौरिया, मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल कश्यप, दीपक सूर्यवंशी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रुदपाल गंगवार ने किया।
शिविर में अधिकारियों ने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके जीवन को अधिक सुगम और सम्मानजनक बनाना है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!