घर में खींचकर युवक की हत्या के आरोप में पांच गिरफ्तार, भेजे गए जेल
बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के गांव सिसईया में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शनिवार शाम करीब सात बजे गांव सिसईया में शराब के नशे में गांव निवासी वीरपाल और संजय उर्फ छोटेलाल के बीच ठेकेदार से रुपये दिलाने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।
मृतक संजय की पत्नी उमा देवी का आरोप है कि इसके बाद वीरपाल और उसके परिजन संजय को बाइक से उतारकर अपने घर ले गए, जहां लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया और गले में अंगोछा डालकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने उमा देवी की तहरीर पर कन्हई लाल, वीरपाल, रोहित, विलासों देवी और अंजू देवी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
रविवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद संजय का शव गांव पहुंचा, जहां पुत्र आलोक ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात रहा।
क्षेत्राधिकारी बीसलपुर राहुल पांडेय ने बताया कि नामजद सभी आरोपियों को जिरोनिया चौकी क्षेत्र के गांव अलकथान को जाने बाले रेलबे के अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
