गोंडा के बर्तन कारोबारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग, भीम आर्मी ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
बीसलपुर। पीलीभीत की भीम आर्मी भारत एकता मिशन की ओर से सोमवार को बीसलपुर में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी नागेंद्र पांडे को सौंपा गया। ज्ञापन में गोंडा के बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि जांच में सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग, पुलिस वायरलेस संदेश, ड्यूटी चार्ट समेत अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को शामिल किया जाए। जांच के दौरान यदि किसी पुलिसकर्मी अथवा अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किए जाने की मांग भी की गई। जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय ने कहा कि आपराधिक घटना के पीड़ित परिवार से मिलकर उनकी पीड़ा सुनना और न्याय की मांग करना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
