Latest Posts
   
home उत्तरप्रदेश बदायूँ बरेली राज्य राष्ट्रीय 

छीनेती के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, तीन आरोपी गिरफ्तार,आरोपियों के पास से छीने हुए कुंडल बाइक और तमंचा बरामद

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बारादरी थाना क्षेत्र में मंदिर जा रही महिला से कुंडल छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के बाद एक घायल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से छीने गए कुंडल, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 9 सितंबर की है। संजयनगर निवासी 52 वर्षीय पूनम अपनी बेटी और पड़ोसन के साथ मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान मॉडल टाउन गेट के पास बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कुंडल छीन लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस का कहना है कि 15 सितंबर को भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान आरोपियों का सामना पुलिस से हुआ। पुलिस के अनुसार, इस दौरान हुई मुठभेड़ में आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग के दौरान अजय मिश्रा के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने घायल अजय मिश्रा के साथ पिंटू मिश्रा और तरुण उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, पीली धातु के दो कुंडल तथा बिना नंबर प्लेट की एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Current News

Leave a Comment

error: Content is protected !!