आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिवार में मचा कोहराम
बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाँव सिसईया में गुरुवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहाँ 29 वर्षीय एक विवाहित युवक का शव आम के पेड़ से अंगोछे के सहारे लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 29 वर्षीय प्रेमप्रकाश पुत्र अनोखे लाल के रूप में हुई है, जो चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह गाँव में मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के समय उसकी पत्नी पुष्पा देवी अपने 4 वर्षीय पुत्र विजय के साथ मायके में थीं। मृतक अपनी माँ रामकली के साथ रहता था, जबकि उसके अन्य तीनों भाई अलग रहते थे।परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम करीब 6 बजे प्रेमप्रकाश अपनी माँ रामकली से घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद रात करीब 8 बजे अचानक उसकी मौत की मनहूस खबर परिवार तक पहुँची। अचानक हुई इस घटना से बुजुर्ग माँ और पत्नी के सामने भरण-पोषण व रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही मृतक के तीनों भाई धीरेन्द्र, सुरेन्द्र और रवि भी शुक्रवार सुबह गाँव पहुँच गए।
मृतक की पत्नी पुष्पा देवी ने बताया कि मरने से पूर्व पत्नी ब बड़े भाई धीरेन्द्र से फोन पर बात हुई थी ।उस समय सब सामान्य था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक घर में किसी भी प्रकार का आपसी कलह या विवाद नहीं था।
