लोन फाइल के बदले पाँच हजार की घूस, उद्योग केंद्र का बाबू रिश्वत लेते पकड़ा गया

पीलीभीत। जिला उद्योग केंद्र में तैनात वरिष्ठ सहायक हिमांशु कुमार को मंगलवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली इकाई ने ₹5,000 की रिश्वत लेते पकड़ लिया। आरोप है कि वह एक ग्रामीण से वॉटर प्लांट का लोन पास कराने के नाम पर यह रकम माँग रहा था।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गाँव बहादुरपुर हुक्मी के सुरेंद्र कुमार ने स्वरोजगार के लिए वॉटर प्लांट लगाने का मन बनाया था। इसके लिए उन्होंने जिला उद्योग केंद्र में ऋण का आवेदन दिया। सुरेंद्र का आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने की एवज़ में वरिष्ठ सहायक ने उनसे पाँच हज़ार रुपये की माँग की। रिश्वत देने से इनकार करते हुए उन्होंने बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन के दफ़्तर पहुँचकर लिखित शिकायत दी।
शिकायत की जाँच में आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाने की योजना बनाई। मंगलवार दोपहर करीब 12:20 बजे ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी की अगुवाई में टीम सादे कपड़ों में उद्योग केंद्र परिसर में तैनात हो गई। जैसे ही सुरेंद्र ने रसायन लगे नोट हिमांशु कुमार को दिए, टीम ने उसे दबोच लिया। नोट उसके पास से बरामद हुए। हाथ धुलवाने पर पानी में रसायन का रंग उतर आया, जिसे कार्रवाई में अहम सबूत माना जाता है।
इसके बाद टीम आरोपी को लेकर कोतवाली पीलीभीत पहुँची, जहाँ उसके ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुक़दमा दर्ज कराया गया है। कार्रवाई की ख़बर फैलते ही उद्योग केंद्र और जिले के दूसरे सरकारी दफ़्तरों में हलचल मच गई।
