HRP कॉलेज में कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम, विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान
बरखेड़ा। हरप्रसाद रामप्यारी महाविद्यालय में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेशित छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य एवं कैरियर निर्माण के उद्देश्य से कैरियर काउंसिलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक डॉ. अनूप बेरी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षिक पृष्ठभूमि, रुचियों, भविष्य की योजनाओं एवं कैरियर लक्ष्यों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को योग्यता और रुचि के अनुरूप कैरियर चुनने की सलाह देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान, व्यक्तित्व, कौशल, आत्मविश्वास और रोजगार क्षमता के विकास का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ संचार कौशल, कंप्यूटर एवं डिजिटल ज्ञान, सामान्य ज्ञान, समय प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर प्रबंध निदेशक मुकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ आत्मनिर्भर, जिम्मेदार एवं योग्य नागरिक बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। प्राचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा शिक्षकों से निरंतर मार्गदर्शन लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विषय चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं विभिन्न कैरियर विकल्पों से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. अनूप बेरी ने समाधान करते हुए उचित मार्गदर्शन दिया। विद्यार्थियों को सरकारी एवं गैर-सरकारी सेवाओं, उच्च शिक्षा,व्यावसायिक क्षेत्रों और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम का माहौल संवादात्मक एवं प्रेरणादायक रहा।
