पुलिस स्मृति दिवस पर एसपी सुकीर्ति माधव ने शहीद पुलिसकर्मियों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
- देश भर में सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 वीर जवानों को किया गया नमन
पीलीभीत।राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों की याद में बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन पीलीभीत में ‘पुलिस स्मृति दिवस’ सादगी और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने शहीद स्मृति स्थल पर सलामी और पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान एसपी सुकीर्ति माधव ने देश भर के शहीद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। उन्होंने वीर जवानों के अदम्य साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
154 पुलिसकर्मियों ने दिया सर्वोच्च बलिदान

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण का संदेश भी साझा किया गया। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि में पूरे भारतवर्ष में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपना बलिदान दिया है। डीजीपी ने शहीदों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए उनके सम्मान, कल्याण और सहायता के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई।
1959 के अमर बलिदानियों की याद में मनाया जाता है यह दिन

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में गश्त के दौरान चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 वीर जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं जवानों के अदम्य साहस की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हिमांशु गौरव, समस्त क्षेत्राधिकारी , प्रतिसार निरीक्षक, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मौन रखकर शहीदों की शहादत को नमन किया।
